श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक सहयोगी जहूर वानी को गिरफ्तार कर लिया है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी कि बडगाम के खान साहिब में आतंकियों के एक ठिकाने का भंडाफोड़ भी हुआ है. पुलिस ने जहूर वानी के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है.
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ये बताया कि खान साहिब से 4 अन्य आतंकी साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. वे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों को रसद, समर्थन और आश्रय सहित अन्य सहायता देने का काम करते थे. यह समूह पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था.
रिपोर्ट्स के अनुसार जिस आतंकी ठिकाने का पता चला है, वो वानी के घर से महज 200-300 मीटर की दूरी पर था. जिस जमीन पर आतंकी ठिकाना है, वो भी जहूर वानी की जमीन है.
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भी आतंकी ठिकानों की जानकारी मिली है.
बता दें कि हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकी एक बार फिर सक्रिय हुए हैं. दो दिन पहले भी कुलगाम जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी.

