संभाग के सभी जिलों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन हो– संभागीय आयुक्त ओझा
MP(ग्वालियर): कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये प्रदेश में 15 अगस्त से “सहयोग से सुरक्षा” अभियान प्रारंभ किया जा रहा है. अभियान के तहत कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिये स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की सहभागिता से जन जागरूकता का कार्य किया जायेगा. 15 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस अभियान की शुरूआत करेंगे.
ग्वालियर संभाग के आयुक्त एम बी ओझा ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि 15 अगस्त से प्रारंभ किए जा रहे सहयोग से सुरक्षा अभियान को अपने-अपने जिले में पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित करें. अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ महिला-बाल विकास, शिक्षा एवं अन्य विभागों का सहयोग लेकर शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए. उन्होंने यह भी कहा है कि अभियान के तहत जन जागरूकता के लिये स्थानीय कलाकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थाओं तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को भी इस अभियान में जोड़ा जाए.
संभाग आयुक्त ओझा ने कहा है कि “सहयोग से सुरक्षा” अभियान चलाने का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिये आवश्यक सावधानियां लोग अपने व्यवहार में शामिल करें. संक्रमण की रोकथाम के लिये सावधानियां लोग अपनाएं और उसकी जानकारी अन्य लोगों को भी दें, इसके लिये लोगों को प्रेरित किया जाना है.
15 अगस्त को अभियान के तहत सभी जिलों में विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिकगण इसकी शपथ भी लेंगे. लोगों के व्यवहार में परिवर्तन करने का यह अभियान कोरोना संक्रमण की रोकथाम और बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान है. इस अभियान से जन – जन को जोड़ा जाना आवश्यक है. संभाग आयुक्त ओझा ने सभी जिला कलेक्टरों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने जिले में इस अभियान के क्रियान्वयन की रणनीति बनाकर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे.

