रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी 13 नवम्बर 2020 दिन शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर संगोष्ठी कार्यक्रम आयोजित करेगी. यह संगोष्ठी कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, रांची के साथ-साथ राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी.
उक्त आशय की जानकारी देते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता शमशेर आलम ने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव ने सभी जिला अध्यक्षों को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर भी नेहरूवादी विचारधारा और राष्ट्र निर्माण पर संगोष्ठी करने का निर्देश दिया है.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता शमशेर आलम ने बताया कि यह संगोष्ठी कार्य कांग्रेस भवन, रांची में पूर्वाह्न 11: 30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष संजय पांडेय एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुरेश बैठा को उक्त कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष रूप से जिम्मेवारी सौंपा गया है. आलम ने सभी कांग्रेसजनों से अनुरोध किया है कि कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित नेहरूवादी विचारधारा और राष्ट्र निर्माण पर संगोष्ठी कार्यक्रम में अवश्य भाग लें.
आलम ने बताया कि संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य रूप में कांग्रेस विधायक दल के नेता व मंत्री आलमगीर आलम उपस्थित रहेंगे. वहीं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ0 आर0 सी0 झा, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा एवं संजय लाल पासवान उपस्थित रहेंगे.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता शमशेर आलम ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में जिस प्रकार भाजपा के मोदी सरकार अलोकतांत्रित तरीके से देश को खंडित-खंडित करने का कुंठित प्रयास कर रही है, इसको रोकने के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू जी की राष्ट्र निर्माण की विचार धारा को धरातल में उतारने की सख्त जरूरत है. नेहरू जी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण के लिए न्यौछावर कर दिये थे.

