नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया आज (11 मार्च) भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. इससे एक दिन पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी और फिर 22 विधायकों ने विधानसभा से अपना इस्तीफा दे दिया था. ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफ के बाद राजनीति में हलचल मच गई है. इसी बीच यह भी रिपोर्ट आ रही है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रभात झा ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीजेपी में शामिल होने पर पार्टी से नाराज हैं.
कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मध्य प्रदेश बीजेपी के बड़े नेता प्रभात झा इस फैसले से नाराज हैं और उन्होंने इस बारे में केंद्रीय आलाकमान को भी अवगत करा दिया गया है.
प्रभात झा बीजेपी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर हैं. राजनाथ सिंह के अध्यक्ष रहते वक्त वह उनके राजनीतिक सलाहकार भी थे. काफी लंबे वक्त से प्रभात झा पार्टी में साइडलाइन चल रहे हैं. इसी वजह से पिछले कुछ वक्त में उनकी नाराजगी कई बार सामने आई है.
पिछले साल लोकसभा चुनाव-2019 के वक्त भी प्रभात झा चुनावी कैम्पेन से दूर रहे थे. उन्हें स्टार प्रचारक में भी शामिल नहीं किया गया था. लोकसभा चुनाव के बाद प्रभात झा ने ट्वीट कर कहा भी था कि किसी के सम्मान के साथ इतना खिलवाड़ नहीं करना चाहिए क्योंकि आपके साथ भी ऐसा हो सकता है. इस ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को टैग किया था.

