दिल्ली: आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 262.71 अंक (0.54 फीसदी) की बढ़त के साथ 49,141.25 के स्तर पर खुला. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 98.10 अंक यानी 0.68 फीसदी की तेजी के साथ 14,470 के स्तर पर खुला. आज 1088 शेयरों में तेजी आई और 260 शेयरों में गिरावट आई. वहीं 61 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. मालूम हो कि मंगलवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर शेयर बाजार बंद रहेंगे. बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 156.13 अंक या 0.31 प्रतिशत नीचे आया.
जारी रह सकता है उतार-चढ़ाव
आम बजट से पहले मासिक डेरिवेटिव अनुबंध के निपटान तथा कंपनियों के तिमाही नतीजों के बीच इस सप्ताह में शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. विशेषज्ञों ने यह राय जताई है. मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के खुदरा अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि, ‘आने वाले दिनों में केंद्रीय बजट तथा मासिक सौदों की समाप्ति से पहले बाजार में उथल-पुथल रह सकती है. कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार के उतार-चढ़ाव को बढ़ाएंगे. इस सप्ताह फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति की भी घोषणा होने वाली है.’
बीएसई सेंसेक्स ने पिछले सप्ताह पहली बार 50,000 अंक के ऐतिहासिक स्तर को पार किया. ऐसे में बाजार विश्लेषकों का मानना है कि आगामी दिनों में बाजार में मुनाफावसूली का सिलसिला चल सकता है. विश्लेषकों ने कहा कि अब सभी की निगाहें वित्त वर्ष 2021-22 के बजट पर है. बजट से सेंसेक्स की आगे की यात्रा को दिशा मिलेगी. बीते साल कोरोना वायरस महामारी के बीच बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 24 मार्च को अपने एक साल के निचले स्तर 25,638.9 अंक पर आ गया. हालांकि, आगे साल के दौरान सेंसेक्स रिकॉर्ड स्तर तक चला गया.
लॉकडाउन के बाद से काफी तेजी से आगे बढ़ा बाजार
भारतीय बाजार पिछले कुछ माह के दौरान लॉकडाउन के बाद तेज पुनरोद्धार की उम्मीद से काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इसके अलावा सकारात्मक वैश्विक रुख, विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत प्रवाह और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों से भी धारणा मजबूत बनी हुई है.
नए रिकॉर्ड पर कंपनियों का बाजार पूंजीकरण
निवेशकों की धारणा में सुधार के बीच बीएसई की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और इस समय यह 194 लाख करोड़ रुपये है. बीएसई की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 28 नवंबर, 2014 को 100 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के पार गया था. बीते साल यानी 2020 में निवेशकों की पूंजी 32.49 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है.
पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर खुला था सेंसेक्स
पिछले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई थी. सेंसेक्स 124.75 अंक (0.25 फीसदी) की गिरावट के साथ 49,500.01 के स्तर पर खुला था. वहीं निफ्टी 25 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 14,565.40 के स्तर पर खुला था.
शुक्रवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
शुक्रवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था. सेंसेक्स 746.22 अंक यानी 1.50 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 48878.54 के स्तर पर बंद हुआ था. वहीं निफ्टी 218.45 अंक (1.50 फीसदी) की गिरावट के साथ 14371.90 के स्तर पर बंद हुआ था.

