पिछले 21 दिनों में नहीं मिला एक भी कोरोना संक्रांमित मरीज
पूरे इलाके में मेडिकल स्क्रीनिंग का कार्य पूरा
कोरोना के लक्षण से संबंधित लोगों की जांच रिपोर्ट भी आई निगेटिव
रांची : जिला के सात और क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन से मुक्त कर दिया गया है. सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक सभी क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन से मुक्त करने का फैसला लिया गया. इन इलाकों में पिछले 21 दिनों से नहीं मिला एक भी कोरोना संक्रमित मरीज़.
इन सातों माइक्रो कंटेनमेंट जोन में मेडिकल टीम द्वारा सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया है. मेडिकल स्क्रीनिंग के दौरान टीम घर-घर तक पहुंची और लोगों की जांच की गई. इस दौरान जिन लोगों में कोरोना संक्रमण के लक्षण पाए गए थे, उनकी जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव आई. जिसके बाद सभी सात माइक्रो कंटेनमेंट जोन को मुक्त करने का फैसला लिया गया.
सात क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन से मुक्त किए जाने के बाद रांची उपायुक्त राय महिमापत रे ने एक बार फिर लोगों से लॉक डाउन के दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कोई भी लॉक डॉउन के नियमों का उल्लंघन ना करें, यह सभी की सुरक्षा के लिए आवश्यक है. सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करें, मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग करें.
माइक्रो कंटेनमेंट जोन जिन्हें किया गया मुक्त
1. पीपरटोली – अरगोड़ा
2. चीलटोली – मांडर
3. चिलदाग – अनगड़ा
4. लालगढ़ – अनगड़ा
5. कामता – अनगड़ा
6. ओशो भवन – तेतर टोली बरियातू
7. खेरवाकोचा – अनगड़ा

