चतरा:- चतरा जिले के नक्सल प्रभावित लावालौंग थाना क्षेत्र में आज पुलिस और सीआरपीएफ 190 बटालियन के संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. नक्सलियों द्वारा पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस पार्टी को निशाना बनाने के उद्देश्य से एक स्कूल के समीप बिछाया गया सात शक्तिशाली सीरीज केन बम बरामद किया गया है. दूसरी ओर सुरक्षाबलों द्वारा बरामद किए गए पांच-पांच किलो के सभी केन बम को मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ते की टीम ने डिफ्यूज कर दिया है.
एएसपी अभियान निगम प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी विवेक यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि हाहे स्कूल के समीप नक्सलियों द्वारा लैंडमाइंस लगाया गया है. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम नक्सलियों के विरुद्ध अभियान पर निकली थी. इसी दौरान टीम को चतरा पलामू बॉर्डर पर स्थित हाहे गांव में संचालित स्कूल के समीप जंगल में प्लांट सीरीज बम पर नजर पड़ी. जिसके बाद जवानों ने उसे मौके पर डिफ्यूज कर दिया. बताते हैं कि विस्फोट इतनी शक्तिशाली था कि तकरीबन आधा किलोमीटर दूर बैठे सुरक्षा बलों के समीप बम के टुकड़े गिरते नजर आए. पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है.

