पटना: बिहार की राजधानी पटना में गर्मी के तेवर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. अप्रैल में ही मई-जून जैसी गर्मी ने पटनावासियों को परेशान कर दिया है. वहीं शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा. आने वाले एक सप्ताह की बात करें तो तापमान 16 अप्रैल तक अधिकतम 38 डिग्री रहने की संभावना है. वहीं, न्यूनतम तापमान रविवार (4 अप्रैल) को 17 डिग्री तक जा सकता है.
मौसम के इस मिजाज से पटना के लोगों में इस बात का डर है कि गर्मी बढ़ने से शहर में जल संकट की स्थिति न उत्पन्न हो जाए. हालांकि, इस बाबत नगर निगम ने कमर कस ली है. विभाग का कहना है कि गर्मी बढ़ने के बावजूद शहर के लोगों को पानी के लिए जूझना नहीं होगा.
पटना के कई इलाकों में गर्मी के मौसम में पानी की कमी होने लगती है. इनमें मीठापुर, जक्कनपुर, पीरमुहानी, पटनासिटी समेत कई इलाके शामिल हैं. इन जगहों का जलस्तर गर्मियों में काफी नीचे चला जाता है.
नगर निगम के दावों की बात करें तो उसके मुताबिक, शहर में फिलहाल 117 पंप हैं. 99 पंपों से रोजाना 230 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है. शहर में 264 एमएलडी पानी की सप्लाई की आवश्यकता है. यानी करीब 34 एमएलडी पानी की सप्लाई अभी ही कम है. ऐसे में आने वाले समय में क्या होगा इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.

