रांची: झारखंड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा मेन रोड स्थित खादी शोरूम सह प्रशिक्षण केंद्र परिसर में विगत 6 माह से सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रथम बैच के कुल 24 प्रशिक्षणार्थियों को शुक्रवार को एक विशेष सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर 75% अनुदानित मूल्य पर सिलाई मशीन उपलब्ध कराया गया. 
ज्ञात हो कि इन सभी 24 प्रशिक्षणार्थियों ने विगत 6 माह तक यहां कुशल और अनुभवी प्रशिक्षकों से जैक मशीन, केस मशीन, बटन मशीन और ओवरलॉक मशीन के जरिए सिलाई प्रशिक्षण में दक्षता हासिल की. बोर्ड के दिशानिर्देश के मुताबिक इन्हें प्रशिक्षण के दौरान प्रतिमा प्रति प्रशिक्षणार्थी ₹45 सौ की छात्रवृत्ति भी दी गई.
मौके पर बतौर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित सदर विधायक मनीष जायसवाल, विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित झारखंड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की सदस्य रत्ना सिन्हा और स्थानीय सेंटर प्रबंधक किशोर कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सभी प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई मशीन सौंपा. मौके पर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कौशल विकास की एक रचनात्मक मुहिम छेड़ी है. जिसमें झारखंड खादी बोर्ड अहम भूमिका निभा रहा है.
उन्होंने कहा कि झारखंड खादी बोर्ड यहां की कला संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही राज्य के पहचान खोते कलाकार और विलुप्त होती कला को निखारने में अग्रसर भूमिका निभा रही है. महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इससे महिलाएं स्वाबलंबी बनेंगी और अपने साथ-साथ अपने बाल- बच्चे और परिवार का भरण- पोषण कर सकेंगे.

