नई दिल्ली: शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ तकरीबन 55 दिनों से चले आ रहे विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि शाहीन बाग में सूसाइड बॉम्बर के जत्थे बनाए जा रहे हैं.
गिरिराज सिंह ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल एक वीडियो जारी करते हुए लिखा, ‘यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है…यहां सूसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है. देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है.’
गिरिराज द्वारा शेयर किए गए वीडियो में प्रदर्शनकारी महिला कहते हुए नजर आ रही हैं कि हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है.
गिरिराज सिंह ने कहा है, शाहीन बाग में एक महिला का बच्चा ठंड में मर जाता है और महिला कहती है कि मेरा बेटा शहीद हुआ है. ये सूसाइड बॉम्ब नहीं है तो और क्या है? अगर भारत को बचाना है तो ये सूसाइड बॉम्ब खिलाफत आंदोलन-2 से देश को सजक करना होगा.
गिरिराज सिंह दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के प्रचार में शाहीन बाग के विरोध प्रदर्शनकारियों पर पहले भी हमला बोल चुके हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने भी शाहीन बाग विरोध की आलोचना की है. संसद के बजट-सत्र में भी शाहीन बाग का मुद्दा छाया रहा है.

