मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजित पवार ने इस्तीफे के बाद अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसमें वो भावुक होकर रो पड़े. उन्होंने कहा कि इस उम्र में शरद पवार को मेरी वजह से परेशान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मैं इन सबसे बहुत आहत हूं और अस्वस्थ भी जिसके चलते मैं इस्तीफे का फैसला लिया.
मीडिया के सामने फूट-फूट कर रोने के बाद अजित ने कहा कि ‘इस सब में शरद पवार कभी संचालक नहीं रहे हैं, इसके बावजूद उनका नाम सभी समाचार चैनल में था, कि मेरे परिवार ने 25 हज़ार करोड़ का घोटाला किया. शरद पवार के कारण मैं उपमुख्यमंत्री पद तक पहुंचा हूं और मेरे कारण उनकी बदनामी हो रही थी.’
अजित पवार ने कहा कि ‘कल मैंने अचानक से इस्तीफा देने का फैसला किया जिससे मेरे पार्टी के सभी चाहने वालो को नहीं समझ आया कि मैंने इस्तीफा क्यों दिया. लोगों को बिना बताए ऐसा निर्णय लेने पर मैं उनसे माफी मांगता हूं. विधानभवन में जाकर मैंने स्पीकर के पीए को इस्तीफा सौंपा. पिछले कुछ दिनों से इस्तीफा लेने का फैसला मैंने लिया था लेकिन चुनाव से पहले ऐसा करना सही होगा या नहीं यह सवाल था.’
आगे उन्होंने इसका कारण बताया कि ‘हम सब महाराष्ट्र सहकारी बैंक में संचालक थे जहां हम निर्विरोध जीते थे. सभी पार्टियों के लोग उसमें शामिल थे. इस मामले में मैंने सभागृह में सभी जवाब दिए थे. सदन में कहा गया कि 1088 करोड़ का घोटाला हुआ है. बाद में एक पीआईएल में कहा गया कि 25 हज़ार करोड़ का घोटाला है.’

