देवघर: पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिकोण से शिल्पग्राम के सौन्दर्यीकरण के पश्चात आज उपायुक्त नैंसी सहाय ने नंदन पहाड़ स्थित शिल्पग्राम परिसर में थ्री डी थियेटर और फूड कोट का उद्घाटन किया.
इस दौरान उपायुक्त नैंसी सहाय ने कहा कि पर्यटन आज दुनिया का सबसे बड़ा उद्योग बन गया है. इस मामले में देवघर जिला की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर, उसे पर्यटन की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाती है.
आने वाले समय मे शिल्प ग्राम को अत्यन्त ही आकर्षक, व्यावहारिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के प्रमुख केन्द्र के रुप में विकसित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिल्प ग्राम का पूरे वर्ष लगातार संचालन सुनिश्चित करने के लिए बेहतरीन एवं गुणवत्तायुक्त आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रबंध किए जाएं. साथ ही देवघर जिला के विशिष्ट विधा को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने हेतु शिल्प ग्राम को बेहतरीन प्लेटफार्म बनाया जाएगा.
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि विलुप्त हो रहे पारम्परिक व पुश्तैनी रोजगार विधा के कलाकारों व हस्तशिल्पियों को हर सम्भव प्रोत्साहन देने की व्यवस्था इस ग्राम में की जाएगी. इसके अलावे उपायुक्त नैंसी सहाय द्वारा जानकारी दी गई कि जल्द ही शिल्पग्राम के रंग-रोगन के कार्य के साथ लाइट एंड साउंड सिस्टम और एग्रो पार्क का कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा.
इस दौरान उपायुक्त व अन्य अधिकारियों द्वारा थ्री डी मूवी का आनंद लेते हुए वहां उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं यहां आकर थ्री डी मूवी का आनंद ले ही साथ ही अपने सगे-संबंधियों व आस-पास के लोगों को भी यहां आकर थ्री डी मूवी का आनंद लेने हेतु प्रेरित करें. तत्पश्चात उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि थ्री डी थियेटर का लुफ्त उठाने एवं स्कूली बच्चों के ज्ञानवर्द्धन हेतु उन्हें थ्रीडी थियेटर का भ्रमण कराया जाए, ताकि थ्रीडी थियेटर के भ्रमण से उनके मनोरंजन के साथ-साथ उन्हें विभिन्न जानकारियां भी प्राप्त हो एवं इस थ्रीडी थियेटर के बारे में अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिले और वे यहां पहुंच कर इसका आनंद लें.
इसके अलावे उपायुक्त नैन्सी सहाय द्वारा शिल्पग्राम परिसर में बने फूड कोर्ट का अवलोकन करते हुए कहा गया कि इससे शिल्पग्राम व थ्री डी थियेटर में आने वाले लोग थ्री मूवी के साथ-साथ एक ही जगह पर विभिन्न व्यंजनों का भी आनंद ले सकेगें. इससे यहां आने वाले पर्यटकों के संख्या में और भी ईजाफा देखने को मिलेगा, जिससे की स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे.

