रांची : झारखंड में मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार अंतिम चरण में पहुंच गया है. ऐसे में तमाम राजनीतिक दलों द्वारा अपने-अपने अंदाज में चुनाव प्रचार किया जा रहा है और मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है. इसी क्रम में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने भी खुद को सबसे बड़ा शिवभक्त बताते हुए बुधवार सुबह को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा अर्चना की. वहीं भाजपा को यह नागवार गुजरा है और तत्काल ही पार्टी नेताओं का एक शिष्टमंडल इसकी शिकायत करने के लिए रांची स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय जा पहुंचा. भाजपा की ओर से विधायक इरफान अंसारी पर रासुका के उल्लंघन का आरोप लगाया है. वहीं भाजपा ने देवघर के उपायुक्त पर भी जेएमएम प्रत्याशी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है.

