खासकर गरीब तबके के लोग इससे हो रहे हैं ज्यादा प्रभावित
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में जिला मुख्यालय समेत जिला स्थित अन्य प्रखंड के दुकानदारों द्वारा आम लोगों से 1 और 2 रुपये के सिक्के नहीं लिए जा रहे हैं. जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी हो रही है. सबसे बुरा हाल निर्धन तबके तथा भीख मांग कर गुजारा करने वाले गरीबों का है जो इसी प्रकार से अपने गुजर बसर करने को मजबूर है.
वहीं दूसरी ओर यही बदहाल स्थिति सब्जी मार्केट का भी है. यहां तो कोई भी सब्जी विक्रेता इन सिक्कों को लेने के लिए तैयार नहीं है. उनका कहना है कि यह सिक्के नहीं चलते हैं, इसलिए इसे लेना मुनासिब नहीं है. दुकानदारों के इस रवैया से ग्राहकों और दुकानदारों में आए दिन तू-तू मैं-मैं की स्थिति बनी रहती है. हालांकि स्थानीय प्रशासन ने कई बार दुकानदारों को चेताया है और सिक्के नहीं लेने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है. बावजूद इसके लोग डर नहीं रहे.
सिक्कों के लेन-देन नहीं होने के कारण ग्राहकों को मजबूरन अधिक मूल्य देकर सामान खरीदना पड़ रहा है. अथवा उसके एवज में अन्य कोई सामान क्रय करना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि सिक्कों को इस तरह नहीं लेना एक अपराध की श्रेणी में आता है. जिसके लिए प्रशासन ने बार-बार आगाह किया है. ऐसे में प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी होगी ताकि इन सिक्कों का लेनदेन सुचारू रूप से चल सके.

