रांची: श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर निवारणपुर में कोरोना महामारी की वर्तमान परिस्थति को देखते हुए 21 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर मुख्य द्वार बंद रखने का निर्णय श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट ने लिया है.
ट्रस्ट ने बताया कि सार्वजनिक एवं समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए उपरोक्त निर्णय लिया गया है. आस्था के केंद्र इस मंदिर में जहां हजारों की संख्या में आम जनता दर्शनार्थी भक्त आते हैं, ऐसी स्थिति में संक्रमण का फैलना निश्चित हो जाता है.
जनहित में श्री रामजानकी तपोवन मंदिर ट्रस्ट भक्त और दर्शनार्थियों से नम्र आग्रह करती है कि लोग अपने-अपने घरों में ही पूजा-अर्चना करें. उत्सव मनाए और स्वयं सुरक्षित रहें एवं समाज को भी सुरक्षित रखें.
इस वर्ष महंत एवं पुजारी द्वारा केवल नियमित पूजा की जाएगी. कोई भी सार्वजनिक उत्सव नहीं मनाया जाएगा. साथ ही यह भी निर्णय लिया गया की बाहरी प्रसाद का मंदिर में कोई भोग एवं वितरण नहीं होगा.

