रांची: झारखंड में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आयी है. ऐसे में एक बार फिर राज्य सरकार ने सख्ती बरतने का संकेत दिया है.
स्वास्थ्य विभाग के सचिव के.के.सोन की ओर से बुधवार को सभी जिलों के उपायुक्तों को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि 18 मार्च से राज्य में एक बार फिर कोविड संबंधित जागरूकता कार्यक्रम के तहत मास्क चेकिंग अभियान शुरू किया जाए. पत्र में कहा गया है कि कोविड-19 के रोकथाम के लिए अभी अनलॉक के दौरान कई छूट दी गयी है, लेकिन अब भी सतर्कता जरूरी है. इसे लेकर मास्क या फेस कवर नहीं पहनने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित ककी. इसे लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान भी चलाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही आगामी पर्व-त्योहारों को भी ध्यान में रखकर इस संबंध में ससमय समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. विभागीय सचिव की ओर से इस संबंध में जिलों के उपायुक्तों से रिपोर्ट भी मांगी गयी है.
गौरतलब है कि झारखंड में इन दिनों एक बार फिर से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है. इसके तहत अब रांची और जमशेदपुर में मिलने वाले संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है. रांची में अभी करीब 350 सक्रिय संक्रमित है,जबकि जमशेदपुर में भी संक्रमितों की संख्या बढ़कर 90 तक जा पहुंची है. हालांकि राज्य के अन्य सभी 22 जिलों में संक्रमित मरीजों की संख्या 20 से नीचे है. वहीं खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिले में अभी एक भी संक्रमित मरीज नहीं है.

