रांची: रांची के चुटिया क्षेत्र से कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद इलाके में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया है. इक्के-दुक्के सब्जी विक्रेता या किराना दुकान ही खुले है, लेकिन वहां भी सन्नाटा पसरा हुआ है.
कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के पहले तक चुटिया इलाके में लोग खुले आम नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, लेकिन जैसे ही कोविड-19 मरीज की पुष्टि हुई. पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और पुलिस की सख्ती के बाद अब इलाके में लोग अपने घरों में दुबक गये है. संक्रमित पाये जाने से अब प्रशासन के बिना किसी अपील के कर्फ्यू का माहौल दिखने लगा. क्षेत्र से दो मरीज मिलने की खबर के बाद लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिये.
मंगलवार को भी सभी रास्तों में इक्का-दुक्का वाहन ही सड़कों पर दिखे. मुख्य सड़क को जोड़ने वाली कई गलियों में तो बांस और पत्थर लगाकर प्रवेश निषेध का बोर्ड भी लगा दिया. यहां राशन की दुकानें भी कम खुलीं है. यह भी देखने को मिला है कि लॉकडाउन की घोषणा के बाद से ही चुटिया में सब्जी बेचने वालों की संख्या काफी बढ़ गयी थी. लोगों ने अपने दरवाजे पर दो-चार टोकरी रखकर सब्जी बेचनी शुरू कर दी थी. लेकिन सोमवार को अचानक से कई सब्जी विक्रेता गायब हो गये. अन्य दिनों की अपेक्षा बमुश्किल 10 प्रतिशत सब्जी विक्रेता ही नजर आये.

