नई दिल्ली: हाल ही में भारत सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान शुरू किया था. इस बीच नए साल यानी एक जनवरी 2020 से सिंगल यूज प्लास्टिक के नियम और सख्त होने जा रहे हैं. दरअसल डायरेक्टर जनरल ऑफ शिपिंग (डीजीएस) ने जहाजों पर प्लास्टिक का उपयोग कम करने की दिशा में पहल की है. बता दें कि नए साल से भारतीय जहाजों पर कई प्रकार के सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
इस संदर्भ में डीजीएस ने जो नए दिशा-निर्देश दिए हैं, उनके मुताबिक, नियम के उल्लंघन पर हिरासत में भी लिया जा सकता है. दिशा-निर्देश के अनुसार, भारतीय जल क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले विदेशी जहाजों को ऑनबोर्ड ऐसे उत्पादों के बारे में पूरी जानकारी सरकार को देनी होगी.
एक जनवरी से भारतीय जहाजों पर प्लास्टिक की बोतलें, बैग, कंटेनर, फूड पैकेजिंग, फ्रीजर बैग, आईसक्रीम कंटनेर, हॉट ड्रिंक कप और सिंगल यूज प्लास्टिक से बने बर्तन का उपयोग नहीं किया जा सकेगा. लेकिन 10 लीटर तक के पानी का बोतल ले जाने की अनुमति दी गई है.

