मुंबई: टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होने के कारण पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने वाले मोहम्मद सिराज ने बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच से टेस्ट क्रिकेट में यादगार डेब्यू किया. दरअसल, पिछले महीने ही सिराज के पिता ने दुनिया को अलविदा कह दिया था और सिराज अपने पिता के अंतिम संस्कार में नहीं जा पाए थे. इस गेंदबाज ने शनिवार से शुरू हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच से टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा. उनके परिवार का कहना है कि सिराज ने उन्हें गौरवाविंत किया है.
भारतीय टीम नवंबर में ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी और इसके एक हफ्ते बाद 20 नवंबर को 26 वर्षीय सिराज के पिता मोहम्मद गौस का हैदराबाद में निधन हो गया, लेकिन कोविड-19 पाबंदियों के कारण वह घर नहीं लौट सके. उनके भाई इस्माइल ने कहा कि उनके पिता का सपना था कि सिराज टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करें और आखिरकार एमसीजी में शनिवार को उनका सपना पूरा हो गया.
इस्माइल ने हैदराबाद से पीटीआई से कहा कि मेरे पिता का सपना था कि सिराज भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेले. वह हमेशा सिराज को नीली और सफेद जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखना चाहते थे इसलिए आज हमारा सपना पूरा हो गया. हम पूरी रात नहीं सोए थे.

