रमजान में सरकारी गाइडलाइन के अनुसार नमाज
रांची:- कोरोना को लेकर सरहुल की शोभा यात्रा नहीं निकाली जाएगी. कल जिला प्रशासन के साथ बैठक में सरहुल पूजा समितियों ने यह निर्णय लिया है. सिरोमटोली स्थित मुख्य सरना स्थल पर सिर्फ पांच लोग पूजा -पाठ करेंगे. अलगअलग मौजा में भी पांच लोग सरनास्थल पर वाहन से पहुंचेंगे और बारी-बारी से पूजा-पाठ कर लौटेंगे. ढोल-नगाड़ा साथ नहीं लाएंगे. उधर श्री महावीर मंडल, रांची से जुड़ी समितियों ने रामनवमी शोभायात्रा नहीं निकालने का निर्णय लिया है. रमजान माह को लेकर विभिन्न मस्जिद कमेटियों ने क्षमता से आधे लोगों को ही मस्जिद आने और बुजुर्गों को घर पर ही इबादत करने को कहा है. सरकार की गाइडलाइन के तहत विभिन्न मस्जिद कमेटियों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नमाज अदा करने को कहा है. एदार -ए- शरीया झारखंड के प्रवक्ता अकीलउर्रहमान ने बताया कि सभी मस्जिद कमेटियों को कहा गया है कि मस्जिद में मास्क के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं. फर्ज नमाज के अलावा अन्य नमाज घर पर ही अदा करें. मस्जिद- ए – जफरिया के इमाम मौलाना तहजीबुल हसन व हदीस मस्जिद के खतीब मौलाना शफीक अलियावी ने कहा है कि बिना मास्क के मस्जिद न आएं. लोगों से अपील की गई है कि जहां तक मुमकिन हो घर पर ही इबादत करें. श्री महावीर मंडल रांची के एक गुट के अध्यक्ष जय सिंह यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि मंडल से जुड़े अखाड़े और पूजा समितियां रामनवमी की शोभायात्रा नहीं निकालेंगी. सरकार के गाइडलाइन का पालन करते हुए मंदिरों में पूजा-अर्चना की जाएगी. उन्होंने बताया कि मंडल के लगभग आठ सौ सदस्यों और 1800 अखाड़ेधारियों ने शोभायात्रा नहीं निकालने पर सहमति जताई है. उधर, श्री महावीर मंडल के दूसरे गुट के राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि शोभायात्रा निकालने को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की गई है. हम सरकार की गाइडलाइन का पालन करेंगे, लेकिन कुछ छूट देने का आग्रह किया गया है.

