बोकारो: बोकारो जिला के चास प्रखंड के बुद्धडीह स्थित जोरिया के बगल में आदिवासी (जो अब सरकारी )की जमीन को जमीन माफियाओं के द्वारा कब्जा करने के मामले में भाजपा नेता अखिलेश महतो के द्वारा एक शिकायती पत्र सरकार के प्रधान सचिव को भेजा गया था.
सरकार की ओर से एक एसआईटी का गठन किया गया था, जिसमें भू राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव सुनील सिंह को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. वहीं साथ में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त के सचिव कृष्णा प्रसाद और अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता को शामिल किया गया था.
एक साल पहले भेजे गए इस पत्र के बाद सरकार के प्रधान सचिव के द्वारा पूर्व में एक जांच टीम बनायी गयी थी लेकिन किसी कारणवश दो बार जांच की तिथि टली और शुक्रवार को टीम के द्वारा स्थल में जाकर जमीन की जांच की गयी, साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गयी.
जांच टीम में शामिल भू राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव सुनील कुमार ने कहा कि स्थल की जांच की गई है. सीओ, एसडीओ और एलआरडीसी और शिकायत करने वालों के साथ जांच की गई और पाया गया कि कुछ हिस्सों पर अतिक्रमण किया गया है और इस बाबत जो कार्यवाही करनी है वो जांच के बाद की जाएगी.

