रंजीत कुमार
सीतामढ़ी : कोरोना संकट के बीच बाढ़ जैसी आपदा से जिले के बचाव को लेकर डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने एसपी अनिल कुमार सहित जिले के तमाम वरीय पदाधिकारियों के साथ रुन्नीसैदपुर के कई तटबंधों का निरीक्षण किया. डीएम ने तटबंधों में चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने मरम्मती कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि ससमय कार्यों को पूर्ण किया जाए. उन्होंने बागमती सहित सभी संबंधित विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि बाढ़ पूर्व तैयारियों को पूरी गंभीरता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करें एवं पूरी गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाना सुनिश्चित कराये. उन्होंने कहा कि जल्द ही मॉनसून आगमन की संभावना है, अतः ऐसी स्थिति में युद्धस्तर पर कार्य करे, साथ ही 24 घंटे तटबंधों के निरीक्षण को लेकर योजनाबद्ध रूप से तैयारी कर ले. डीएम ने अभियंताओं को यह भी निर्देश दिया कि बाढ़ के समय मुख्य सड़क के अवरुद्ध रहने की स्थिति में सभी वैकल्पिक मार्गो का चयन कर उसे पूरी तरह से चलायमान कर ले.

