दिल्ली: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शुरू हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में सबसे पहले लद्दाख के गलवान घाटी में शहीद हुए 20 जवानों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया. बैठक की अध्यक्षा कर रही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि देश एक भयानक आर्थिक संकट, विशाल अनुपात की महामारी और अब चीन के साथ सीमा विवाद में घिर गया है. प्रत्येक संकट का कारण बीजेपी शासित सरकार के कुप्रबंधन और उसकी गलत नीतियां जिम्मेदार हैं.”
देश में फैली कोरोना महामारी के मुद्दे पर बोलते हुए सोनिया गांधी ने कहा, “इस समय की सबसे बड़ी जरूरत यह है कि लोगों को वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाए. गरीबों के हाथों में सीधे पैसे दिए जाने चाहिए. एमएसएमई को बचाने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए, लेकिन ऐसा करने बजाय, सरकार ने एक खोखले वित्तीय पैकेज की घोषणा की, जो राजकोषीय घटक सकल घरेलू उत्पाद का 1 प्रतिशत से भी कम था.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “प्रधानमंत्री के आश्वासन के बावजूद, जिन्होंने अपने हाथों में सभी प्राधिकरणों को केंद्रीकृत किया, महामारी जारी है. केंद्र ने राज्य सरकारों कोई भी वित्तीय मदद नहीं दी.”
सोनिया गांधी ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच अब चीन के साथ एलएसी पर सीमा संकट गहरा गया है. भविष्य में क्या होगा अभी सामने नहीं आया है, लेकिन हमें उम्मीद है कि परिपक्व कूटनीति और निर्णायक नेतृत्व हमारी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में सरकार के कार्यों को सूचित करेगा.”

