रांची:- झारखंड विधानसभा में बुधवार को लंबित ध्यानाकर्षण सूचना पर सवाल-जवाब के लिए एक घंटे के पहले सदन की कार्यवाही आहूत की गयी थी, लेकिन इस दौरान बीजेपी विधायक विरंची नारायण के पर्यटन से जुड़े प्रश्न के जवाब के दौरान प्रभारी मंत्री हफीजुल हसन सदन में मौजूद नहीं थे, जिस पर विपक्षी विधायकों ने नाराजगी जतायी और शर्म-शर्म के नारे लगाये. विरंची नारायण ने कहा कि सरकार सदन में उठ रहे सवाल के जवाब देने को लेकर गंभीर नहीं है.
इधर, विपक्ष के विधायकों ने मंत्री हफीजुल हसन के सदन से गायब रहने पर तंज कसते हुए कहा कि वह चुनाव लड़ने गए हैं. दरअसल हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद मधुपुर सीट पर 17 अप्रैल को चुनाव (मतदान) होना है. हफीजुल दिवंगत हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हैं, उनकी जगह ही इन्हें मंत्रीमंडल में जगह दी गई है. वह मधुपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.

