दिल्ली: छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर कम करने के आदेश पर मोदी सरकार ने यूटर्न ले लिया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को कहा कि सरकार छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर घटाने के फैसले को वापस लेगी और उन्होंने ब्याज दरों को 31 मार्च को खत्म हुए वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही के स्तर पर लाने का आश्वासन दिया.
हालांकि, इसके बाद भी कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है और कहा कि आप सरकार चला रहे हैं या सर्कस. जैसे ही वित्त मंत्री ने ट्वीट कर आदेश को वापस लेने की जानकारी दी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट के जरिए हमला बोला.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के बीत जाने के बाद केंद्र सरकार अपना ‘अनर्थशास्त्र फिर से लागू करेगी.’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘कल रात में सरकार ने आमजनों की छोटी बचत वाली स्कीमों की ब्याज दरों में कटौती कर दी थी.
आज सुबह जब सरकारी जागी तो उसको पता चला कि अरे ये तो चुनाव का समय है. सुबह उठते ही सारा दोष “ओवरसाइट” (चूक) शब्द पर मढ़ते हुए सरकार ने ये फैसला वापस ले लिया.’ प्रियंका ने दावा किया, ‘चुनाव है तो पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम भी नहीं बढ़ रहे हैं. एक बार चुनाव जाने दीजिए भाजपा अपना अनर्थशास्त्र फिर से लागू करेगी.’
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, मैडम वित्त मंत्री, आप सरकार चला रही हैं या सर्कस. जब करोड़ों लोगों को प्रभावित करने वाले ऐसे आदेश दिए जा सकते हैं तो अर्थव्यवस्था का कामकाज कैसा होगा इसकी कल्पना की जा सकती है आदेश में सक्षम प्राधिकारी किसे बताया गया है? आपको वित्त मंत्री के पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि चुनाव के डर से मोदी-शाह-निर्मला सरकार ने अपना गरीब व आम आदमी की स्मॉल सेविंग्स की ब्याज दर का निर्णय बदल दिया. धन्यवाद. लेकिन निर्मला जी यह वादा भी कर दीजिए कि चुनाव हो जाने के बाद भी आप फिर से ब्याज दर नहीं घटाएंगी.
उन्होंने आगे सवाल किया कि निर्मला जी यह भी हमें बता दें कि किसकी “Oversight” से यह आदेश निकले और ऐसे समय में जब भाजपा लोगों को लुभाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है यह आदेश कैसे निकल गया.

