ज्योत्सना,
तमाड़: बुंडू तमाड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के एनएच 33 रांची टाटा मार्ग के रंगामाटी से टीकर जाने वाले रास्ते पर अफीम ले जाते हुए एक अफीम तस्कर को वाहन (सफारी) के साथ गिरफ्तार किया. साथ ही पुलिस ने उसके पास से साढ़े सात किलोग्राम गीला अफीम, ₹15000 नगद, एक मोबाइल और 2 इलेक्ट्रॉनिक मापक यंत्र भी बरामद किया है.
प्रेस ब्रीफ में बुंडू डीएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की तमाड़ थाना क्षेत्र इलाके में अफीम तस्कर सक्रिय हैं और अफीम को खरीद कर तस्कर अफीम लेकर बंगाल जाने वाले हैं. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्रामीण एसपी, एसडीपीओ बुंडू, प्रशिक्षु पुलिस इंस्पेक्टर और तमाड़ थाना पुलिस की एक टीम बनायी गयी. टीम ने सूचना के मुताबिक संदिग्घ इलाकों में छापामारी अभियान चलाया. इसी क्रम में रंगामाटी से टीकर जाने के रास्ते पर अफीम तस्कर को अपने वाहन के साथ पुलिस की टीम ने धर दबोचा. पुलिस ने एक दिन पूर्व भी एक अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.
बता दें कि पुलिस लगातार अफीम तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और खेतों में लगे अफीम की फसल को भी नष्ट करने का काम कर रही है. डीएसपी बुंडू ने बताया कि गिरफ्तार अफीम तस्कर के मोबाइल से अन्य अफीम तस्कर भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

