रांची: कोरोना वायरस पूरे विश्व में अपना पांव पसार चुका है, इसके बावजूद भी झारखंडवासियों के लिए राहत की खबर है. झारखंड में दुमका और पाकुड़ के बाद अब खूंटी, पलामू तथा साहेबगंज जिला भी कोरोना मुक्त जिला बनने के राह पर अग्रसर है. वहीं पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक एक्टिव मामले सामने आये है. राज्य में पिछले 24घंटे में 42 नये संक्रमित मरीज मिले, इसके साथ ही प्रदेश में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2140 हो गयी है. राज्य में अब तक 1469 संक्रमित स्वस्थ होकर अस्पताल से घर वापस लौट चुके है, वहीं 660 एक्टिव मरीज विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत है.
पलामू जिले में सोमवार को कोरोना के 46 में से 45 मरीज़ ठीक हुए. जिले में कल एक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है. मरीज़ प्रवासी है जो घाना (अफ्रीका) से पलामू आया था औऱ उसकी उम्र 45 साल है. मरीज पाटन प्रखंड का है. मरीज में कोरोना वायरस का लक्षण नहीं है, लेकिन पॉजिटिव होने की पुष्टि के बाद उसे पीएमसीएच के कोविड केयर सेन्टर में रखा गया है.
इधर, झारखंड में सबसे अधिक एक्टिव मरीज अभी पूर्वी सिंहभूम जिले में है. यहां अभी 173 संक्रमित एक्टिव है. हालांकि जिले में 325 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई थी, जिसमें से 152 स्वस्थ होकर घर लौट चुके है. वहीं सिमडेगा में भी अभी 109 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है, सिमडेगा में 317 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे, सिमें से 207 स्वस्थ होकर घर लौट चुके है.
बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, लातेहार और लोहरदगा जिले में 15 से कम एक्टिव मरीज रहने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है.

