रांचीः सीएम रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा जो संथाल के विकास की बात करता था. उसने क्षेत्र के विकास पर ध्यान नहीं दिया. नीति और नीयत विहीन बना रहा जेएमएम. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी परिभाषा ही बदल दी और बन गया झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी. जिनका मकसद गरीबों को लूटना, गुमराह करना रह गया है. संथाल के विकास की बात तो दूर जेएमएम ने यहां की संस्कृति को बचाने का जतन नहीं किया. आप इसे क्या कहेंगे कि संथाल ने तीन-तीन मुख्यमंत्री दिया. लेकिन संथाल की स्थिति यथावत रही. अब वक्त आ रहा है. सही व गलत जनप्रतिनिधियों के चयन का. सीएम शनिवार को पाकुड़ के अमड़ापाड़ा और लिट्टीपाड़ा में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे.
200 करोड़ की योजना ले रहा आकर, दिसम्बर तक होगी पेयजलापूर्ति
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या है. इसको देखते हुए यहां 200 करोड़ की पेयजलापूर्ति के लिए बड़ी योजना अब आकर ले चुका है. दिसंबर 2019 तक योजना पूरी हो जाएगी. इसके बाद यहां की बहनों को मिलों जाकर पानी लाने जरूरत नहीं होगी. पहाड़ों में बसने वाले पहाड़िया व विरहोरों की बस्ती तक पाइपलाइन से शुद्धपेयजल पहुंचाया जा रहा है. पाकुड़ पिछड़ा है. इसलिए मैं अक्सर यहां आता हूं, क्योंकि इस क्षेत्र को मुझे हर मायने में विकसित करना है. मेरा यह संकल्प है.
अब कोई बिचौलिया नहीं, भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पूर्व झारखंड में भ्रष्टाचार था. 2014 के बाद वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है. योजनाओं का लाभ सीधे लाभुकों के अकाउंट में भेजा जाता है, इसमें कोई बिचौलिया नहीं. निशुल्क एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है. इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा राज्य के 57 लाख परिवारों का सुनिश्चित हो रहा है. हमारी सरकार आपकी जरुरतों के मुताबिक योजनाएं लागू कर रही है. मां-बहनों को लकड़ी के चूल्हे से परेशानी होती थी, तो सरकार ने उन्हें उज्ज्वला योजना से आच्छादित किया. 5 साल में 30 लाख घरों तक बिजली पहुंचाई गई, जबकि आजादी के बाद से राज्य के मात्र 38 लाख घरों तक बिजली पहुंची थी.

