दादरीः आपसी विवाद में बेटे की पत्नी के घर नहीं आने दे रहे पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर बेटे ने मौत की घाट उतार दिया.
कलौंदा निवासी रामभूल गांव में ही झोलाछाप डॉक्टरी करते थे. उनके 2 बेटे और 3 बेटियां हैं. सभी की शादी हो चुकी है. करीब 3 साल पहले दोनों बेटों की शादी सगी बहनों से की थी.
छोटे बेटे ललित की पत्नी करीब एक साल से अपने मायके में रह रही हैं. आरोप है कि आपसी विवाद की वजह से रामभूल ललित की पत्नी को घर नहीं आने दे रहे थे.
इसी बात को लेकर ललित के साथ उनका विवाद चल रहा था. बड़े बेटे अरुण ने बताया कि आए दिन ललित पिता से झगड़ा करता था.
शुक्रवार रात भी विवाद हुआ, लेकिन दोनों को शांत कराने के बाद अरुण दूसरी मंजिल पर सोने चले गए. रामभूल और ललित एक ही कमरे में सो रहे थे.
आरोप है कि रात में ललित ने सोते समय पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. चारपाई पर ही शव छोड़कर घोड़ी बछेड़ा गांव में एक शादी समारोह में चला गया.
रात में अरुण नीचे उतरे तो पिता के कमरे में खून देख अंदर गए. शव देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने बरात में डांस करते समय ललित को हिरासत में ले लिया. अभी उससे पूछताछ की जा रही है.

