रांची: देशव्यापी लॉकडाउन से उत्पन्न परिस्थितियों के बीच पार्टी कार्यकर्त्ताओं की ओर से चलाये जा रहे कार्यां की जानकारी लेने और आवश्यक दिशा-निर्देश देने को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी कल 10 अप्रैल को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बात करेंगी.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर संकट की इस घड़ी में पार्टी की ओर से पूरे राज्य में राहत कार्य चलाया जा रहा है, कल वीडियो कांफ्रेसिंग से बातचीत के माध्यम से सोनिया गांधी से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश मिलने की उम्मीद है.
आलोक कुमार दूबे ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद और गरीबों की मदद के लिए मुख्यालय स्तर पर पार्टी की ओर से प्रदेश कांग्रेस राहत निगरानी समिति (कोविड-19) का गठन कर कंट्रोल रूम बनाया गया है. जहां प्रतिदिन राज्य के विभिन्न हिस्सों के अलावा दूसरे राज्यों में भी फंसे लोगों को मदद पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
इसके अलावा सभी जिला और प्रखंड स्तरों पर भी कंट्रोल रूम बनाया गया है. राहत कार्यों के लिए सभी जिला अध्यक्षों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से 25-25 हजार रुपये की सहायता भी उपलब्ध करायी गयी है, ताकि क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों तक तुरंत अनाज और भोजन उपलब्ध कराया जा सके.
इस कार्य में पार्टी कोटे से सरकार में शामिल मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के अलावा अन्य सक्षम नेताओं की ओर से भी लगातार सहयोग किया जा रहा है.

