जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने उज्जवला गृह तथा सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
मेदिनीनगर: उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर आज को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने बिरसा नगर शाहपुर में संचालित किए जा रहे उज्ज्वला गृह तथा चैनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में संचालित हो रहे सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया.
बिरसा नगर शाहपुर में संचालित हो रहे उज्जवला गृह में उन्होंने सुरक्षा मानकों पर खास ध्यान दिया. इसके अलावा उज्जवला ग्रह के बारे में लोगों को जागरूक करने हेतु सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार प्रसार करने के लिए बैनर तथा पोस्टर लगाने की बात कही.
उन्होंने बताया कि मानव तस्करी के शिकार महिला तथा बच्चों के पुनर्वास के उद्देश्य से उज्ज्वला आग्रह बनाया गया है. उन्होंने कहा कि उज्ज्वला गृह इस नाते भी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसे गढ़वा, पलामू तथा लातेहार तीनो जिले के तस्करी मुक्त महिलाओं एवम बच्चों के पुनर्वास हेतु बनाया गया है.
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बताया कि जिला स्तर से चयनित एनजीओ विकास इंटरनेशनल, शाहपुर में बालिका गृह को शीघ्र ही शिफ्ट किया जाएगा. साथ ही साथ बालग्रह को शिफ्ट करने हेतु नावाटोली स्थित स्वयंसेवी संस्था वत्सल्यधाम को चिन्हित किया गया है.
उज्जवला ग्रह के निरीक्षण के बाद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी चैनपुर प्रखंड कार्यालय स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचे. घरेलू हिंसा से पीड़ित युवतियों के काउंसलिंग हेतु बनाए गए सखी वन स्टॉप सेंटर के सुचारू रूप से संचालन हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने निर्देश दिया.
इसके अलावा सेंटर की साफ-सफाई तथा सेंटर पर सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल करने हेतु निर्देशित किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर फरवरी माह से नवनिर्मित भवन में शिफ्ट कर दिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम के अलावा डीसीपीओ केडी पासवान तथा प्रकाश कुमार मौजूद थे.

