बिश्वजीत शर्मा,
साहेबगंज(बरहरवा): महात्मा गांधी के पुण्यतिथि के शुभ अवसर पर आज बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सरिता टुडू एवं डॉक्टर कौशल कुमार सिंह के द्वारा पुरे बरहरवा प्रखंड में 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चलने वाले स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया.
इस कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को BTT कृपासिन्धू रजक ने कुष्ठ के प्रति जागरूक रहने एवं इसे जड़ से खत्म करने की शपथ दिलाई.
वहीं डॉक्टर कौशल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर हमें हमारे गांव एवं पूरे भारत देश को कुष्ठ रोग से मुक्त कराने हेतु एक विशेष कार्यक्रम कर बैठक आयोजित करना है. जिस प्रकार हमने अपने गांव और देश को चेचक एवं पोलियो जैसी बीमारियों से मुक्त किया. उसी प्रकार हमें आनेवाले वर्षो में अपने गांव एवं देश से कुष्ठ रोग को मुक्त करना है.
स्वास्थ्य विभाग अपनी तरफ से देश को कुष्ठ रोग मुक्त करने हेतु हर संभव प्रयास कर रहा है. इसी क्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर घर जाकर कुष्ठ के संभावित मरीजों की खोज कर रहे हैं. इस बीमारी का इलाज बिल्कुल मुफ्त है और हर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है.
इस मौके पर डाॅक्टर सरिता टुडू, डॉक्टर कौशल कुमार सिंह, मंत्री का स्वास्थ्य प्रतिनिधि मुसरलीम खान, नगर अध्यक्ष श्यामल दास, जिला से आये हुए निर्मल कुमार सिंह BTT कृपासिन्धू रजक ने महात्मा गांधी के तस्वीर पर फूल माला अर्पित किया. इसके अलावा वहां बहुत सारे स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे.

