रांची: झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन में हंगामा कर रहे भाजपा विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि आसन कमजोर नहीं हैं, सदन में सदस्य मर्यादा के विपरीत कोई काम न करें.
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी पक्ष-विपक्ष के सदस्यों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद विधानसभा परिसर में होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है, सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में जाएंगे, सभी को होली की शुभकामनाएं.
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बार-बार आग्रह किए जाने के बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा. प्रश्नोत्तर काल के दौरान भाजपा सदस्यों के आसन के निकट धरना और नारेबाजी के बीच ही कुछ सत्तापक्ष के सदस्यों के अल्पसूचित प्रश्न पर सरकार की ओर से जवाब दिया गया है और शून्य काल के दौरान भी सत्तापक्ष के सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन में रखने का काम किया, परंतु हंगामे के कारण ध्यानाकर्षण सूचना पर कोई सवाल जवाब नहीं हो सका और विधानसभा अध्यक्ष ने सभा की कार्यवाही को भोजनावकाश दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद फिर से भाजपा सदस्य वेल में आ गए और कुछ देर तक नारेबाजी करने के बाद वाकआउट कर सदन से बाहर चले गए.

