नई दिल्ली: कोरोना महामारी के तहत लॉकडाउन खत्म होने पर आइजीआइ एयरपोर्ट पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी. संक्रमण न फैले इसके लिए शारीरिक दूरी पर जोर रहेगा. इस दौरान जांच के बाद ही यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मचारियों को टर्मिनल में प्रवेश दिया जाएगा. वहीं सभी के लिए मास्क पहनना आवश्यक होगा.
एयरपोर्ट संचालक कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने एयरपोर्ट से विमानों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है. प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षित यात्रा कर लिए योजना बनाई गई है. शारीरिक दूरी के लिए चेकइन प्वाइंट, इमिग्रेशन और बोर्डिग एरिया में यात्रियों के निश्चित दूरी पर खड़े होने के लिए रंगीन टेप का घेरा बनाया गया है.
डायल के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि यात्रा प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को खुद से चेक इन के लिए कहा जाएगा. यही नहीं शारीरिक दूरी बनाकर रखने के लिए क्यू मैनेजर की तैनाती भी की जाएगी. एयरपोर्ट में प्रवेश करने से पहले प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जाएगी.
17 मई को लॉकडाउन खत्म होने के बाद विमान सेवा शुरू होने की संभावना है. एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए मास्क, सैनिटाइजर और पीपीई किट के लिए अस्थायी शॉप भी खोली जाएगी. एयरपोर्ट पर सफाई के लिए परिसर में हर दिन 500 पेशेवर रात-दिन काम कर रहे हैं.
एयरपोर्ट फिर से खुलने पर बाथरूम को हर बार प्रयोग के बाद रसायन से साफ किया जाएगा. एयरपोर्ट पर शरीरिक दूरी बनाए रखने और लोगों को परेशान होने से बचने के लिए डायल ने यात्रियों को चेकइन काउंटर के समीप वाले गेट से टर्मिनल बिलिंडग में प्रवेश का सुझाव दिया है.

