रांची: मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा बनाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित राजकुमार शुक्ल की 145 वीं जयंती पर अंतर्राष्ट्रीय गोष्ठी सह परिचर्चा का आयोजन किया जा रहा है जो पूरे विश्व में एक साथ 3 चैनलों पर लाइव प्रसारित होगा.
यह कार्यक्रम 23 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे से शुरू होगा जिसमें देश, विदेश व कई राज्यों के बुद्धिजीवी, अभिनेता, समाजसेवी भाग लेंगे. उक्त आशय की जानकारी देते हुए पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि कार्यक्रम का विषय: ” भारत की आज़ादी में पंडित राजकुमार शुक्ल का योगदान” है. इससे पूर्व हरसाल विशेष कार्यक्रमों के आयोजन किया जाता रहा है लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए इसबार ऑनलाइन लाइव कार्यक्रम सेमिनार कर उन्हें शब्दांजलि सुमन अर्पित किया जाएगा. पंडित शुक्ल के सभी चाहने वाले लाइव कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी शब्दांजलि दे सकते हैं. उनकी टिप्पणियों को भी हम कार्यक्रम के दौरान लाइव दिखाते रहेंगे.
कार्यक्रम की शुरुआत में पंडित राजकुमार शुक्ल और गांधी के ऊपर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय राय करेंगे. वहीं कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात टीवी पत्रकार और सुप्रसिद्ध साहित्यकार पंकज प्रियम करेंगे.
उन्होंने बताया कि विगत 2 वर्षों से साहित्योदय न केवल साहित्य वल्कि कला-संस्कृति और सामाजिक सरोकार से जुड़े सभी विषयों को बड़ी मुखरता के साथ उठाता रहा है. इस कोरोना काल के अंधकार में साहित्योदय उम्मीद का सूरज बनकर निकला है और गत 22 मार्च से ही कोरोना से जंग, साहित्योदय के संग अभियान चलाकर जनजागरण में जुटा है.
अबतक डेढ़ हजार से अधिक अंतर्राष्ट्रीय कविसम्मेलन, चर्चा-परिचर्चा, गोष्ठी, वेबिनार, ऑनलाइन प्रतियोगिता और सम्मान समारोह कर चुका है. साहित्योदय द्वारा कई साझा पुस्तक और त्रैमासिक पत्रिकाओं का भी प्रकाशन किया जा रहा है. पंडित राजकुमार शुक्ल को समर्पित यह विशेष शब्दांजलि उसी कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी है जिसे पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के साथ मिलकर किया जा रहा है.

