शिवपुरी: जिले के समस्त आठों ब्लाक में किल कोरोना अभियान के तहत स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैम्पेन “किल कोरोना” अभियान के पूर्व गठित दलों का ब्लाक स्तरीय व जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया. प्रशिक्षण में एक जुलाई से स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैम्पेन ‘‘किल कोरोना’’ प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई.
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. ए. एल .शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए घर-घर सर्वे एवं जांच जिले में गठित 276 दल द्वारा की जाएगी. कोविड-19 की ट्रांसमिशन चेन को तोड़ने और आमजन को कोविड-19 बीमारी से बचाव हेतु प्रदेश के समस्त जिलों में सहित शिवपुरी जिले में भी 1 जुलाई 15 जुलाई तक स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैम्पेन “किल कोरोना” अभियान प्रारंभ किया जा रहा है. जिसके अंतर्गत जिले में 276 दलों का गठन किया गया हैं. इस अभियान में गठित दल द्वारा घर-घर जा कर बुखार के रोगियों की खोज की जायेगी तथा बुखार के रोगी पाए जाने पर लक्षण के आधार पर उनकी कोविड-19, मलेरिया, डेंगू की जांच कर कार्यवाही की जायेगी.
इस सम्पूर्ण अभियान में जिले के महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, मलेरिया विभाग, एम्बेड परियोजना एवं समाजसेवी संस्था फेमिली हेल्थ इंडिया सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं. इस अभियान को सफल बनाने हेतु आमजन की सक्रिय सहभागिता व सहयोग की अपील अपील की जाती हैं कि वे घर घर जांच हेतु जाने वाले टीम का सहयोग कर जिले को कोरोना, मलेरिया व डेंगू मुक्त बनाने में अपना सहयोग करें.

