रांची: राजस्थान के कोटा से करीब एक हजार विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को वापस लेकर शनिवार को एक स्पेशल ट्रेन हटिया स्टेशन पहुंची. स्टेशन पर जिला प्रशासन के लोगों ने छात्र-छात्राओं को फूल देकर स्वागत किया. वापस लौटे बच्चों के चेहरे पर काफी खुशी देखने को मिली.
सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए सभी बच्चों को बस पर बैठा कर उन्हें मेडिकल स्क्रीनिंग के लिए रांची के धुर्वा स्थित पारस हॉस्पीटल ले जाया गया. स्क्रीनिंग के बाद बच्चों को बस से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए उनके घरों तक पहुंचाया जायेगा. सभी बच्चें 14 दिन के होम क्वारेंटाइन में रहेंगे.
इससे पहले हटिया स्टेशन पहुंचने के बाद कोटा से लौटे सभी छात्रों के चेहरे पर खुशी दिखी. सभी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं विद्यार्थियों को स्पेशल ट्रेन से वापस लाये जाने की सूचना के बाद से विद्यार्थियों के माता-पिता ने राहत की सांस ली.
गौरतलब है कि इससे पहले केंद्र से अनुमति मिलने के बाद तेलंगाना में फंसे झारखंड के 1250 मजदूरों को स्पेशन ट्रेन से रांची लाया गया था. सभी को शनिवार को उनके घरों तक प्रशासन के सहयोग से पहुंचाया गया है.

