चतरा: चतरा जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद चतरा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा. लोग अनियंत्रित स्पीड पर नियंत्रण नहीं रख रहे हैं. जिसमें सिर्फ परिवहन नियमों की न सिर्फ अवहेलना हो रही है, बल्कि आए दिन हो रहे सड़क दुर्घटनाओं में लोग या तो गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं या अपनी जान गवा रहे हैं.
चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के इचाक मोड़ के समीप पक्की सड़क पर कल शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांचवी कक्षा के छात्र सूरज कुमार की जान चली गई. सूरज अनियंत्रित पिकअप वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था. आनन-फानन में परिजनों ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल लाया.
रेफरल अस्पताल में उसे प्राथमिक उपचार कर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया. जहां इलाज के दरम्यान सूरज की मौत हो गई.
इधर घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई सिमरिया थाना पुलिस ने आरोपी चालक को पिकअप वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया है. मृतक सूरज के परिजनों ने इस संबंध में सिमरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पुलिस ने सूरज के शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया. इधर सूरज की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत की सूचना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.

