रांची: रिम्स में उस समय अजीबों-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर नोक- झोंक हो गई. हुआ यूं कि 14 अक्टूबर को होने वाली रिम्स शाषी परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए सदस्य प्रतुल शाहदेव को 12 अक्टूबर आमंत्रण भेजा गया था.
इसी बीच इस मीटिंग से ठीक एक दिन पहले, यानी 13 अक्टूबर को मीडिया में यह बात सामने आई कि रिम्स शाषी परिषद की होने वाली बैठक के एजेंडों में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को देने के लिए एक कार खरीदे जाने के प्रस्ताव है.
नोंक झोंक इसलिए हुआ कि प्रतुल शाहदेव अपने साथ एक खिलौने वाली कार लेकर मीटिंग में शरीक होने पहुंचे. वह यह खिलौने वाली कार इसी मीटिंग में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को भेंट करना चाहते थे.
खिलौने वाली कार के इस मामले ने बैठक शुरू होने से पहले ही तूल पकड़ लिया. इस वजह से प्रतुल शाहदेव को बैठक में जाने से रोक दिया गया. बात इतनी बढ़ गयी कि प्रतुल शाहदेव और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गयी.

