अरविन्द पटेल,
महराजगंज: महराजगंज जिले में एसएसबी जवान ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जवान पश्चिम बंगाल से विभागीय डाक लेकर गोरखपुर आया था. गोरखपुर में डाक रिसीव कराने के बाद वह अपने घर महराजगंज आया था. महराजगंज जिले के परसामलिक क्षेत्र के बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार निवासी अनिरुद्ध यादव पुत्र सुनील यादव उम्र 28 वर्ष विभागीय डाक लेकर गोरखपुर आए सशस्त्र सीमा बल के जवान ने महराजगंज स्थित अपने पैतृक आवास में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
सुनील यादव पश्चिम बंगाल के अलीनगर में एसएसबी की 34वीं बटालियन में तैनात थे. वह विभागीय डाक पहुंचाते हुए 19 अक्टूबर को गोरखपुर आए थे. स्वजन ने बताया कि मां की तबीयत खराब होने की जानकारी पर उसी रात बैकुंठपुर स्थित अपने घर आए थे. बुधवार की सुबह किसी से फोन पर बात की थी. करीब आठ बजे वह काम पर लौटने की तैयारी कर रहे थे. अचानक कमरे में घुसे और दरवाजा बंदकर छत की कुंडी के सहारे फंदा लगाकर झूल गए. अनहोनी की आशंका पर उनके भाई दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और सुनील को फंदे से उतारकर रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. यहां से गोरखपुर रेफर कर दिया गया. गोरखपुर ले जाने के दौरान बरगदवा के पास उन्होंने दम तोड़ दिया.
सुनील कुमार यादव पुत्र अनिरुद्ध यादव (28) अपने चार भाइयों में तीसरे नम्बर पर था. वह एसएसबी में 30 मई 2012 को भर्ती हुआ था. उसकी पहली पोस्टिंग लालबाड़ी पश्चिम बंगाल में हुई थी. वर्तमान समय में वह पश्चिम बंगाल के अलीपुर द्वार बार्डर पर तैनात था. एसएसबी में भर्ती होने के बाद वर्ष 2013 में उसकी शादी नौतनवा क्षेत्र के गजरहा गांव की रहने वाली किरन यादव से हुई थी. दो बच्चे भी हैं. बड़ी बेटी श्रेया यादव ढाई वर्ष व छोटा बेटा श्रेयांश करीब एक साल का है. पत्नी मायके में है. परिवार में मां इलाइची देवी व पिता अनिरुद्ध इस घटना से बदहवास हैं. पत्नी भी मायके से रोती-बिलखती हुई ससुराल आ गई.
गोरखपुर से आने के बाद से उलझन में था जवान
परिजनों के मुताबिक एसएसबी जवान सुनील कुमार यादव विभागीय डॉक लेकर अपने तैनाती स्थल अलीपुर द्वार बार्डर पश्चिम बंगाल से 13 अक्तूबर को अपने दो साथियों के साथ 19 अक्तूबर को गोरखपुर आया था. गोरखपुर एसएसबी हेडक्वार्टर में डाक देने के बाद उसी दिन रात आठ बजे महराजगंज जनपद स्थित अपने गांव बैकुंठपुर उर्फ बोदरवार थाना परसामलिक आ गया. परिजनों के मुताबिक गोरखपुर से आने के बाद वह उलझन में था.
थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

