मुम्बई: सुशांत सिंह आत्महत्या मामले में लगातार नए- नए मोड़ सामने आ रहे है. मामले को लेकर हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. आए दिन किसी ना किसी की चैट्स सामने आती रहती हैं. अब सुशांत की बहनों की भी व्हाट्सएप चैट्स सामने आ रही हैं, जिससे ये पता चल रहा है कि सुशांत की बहनों को दिवंगत अभिनेता की मानसिक स्थिति के बारे में सारी जानकारी थी. यहां तक कि 8 जून को उनकी बहन प्रियंका सिंह ने उन्हें कुछ दवाइयां भी सुझाई थीं.
अब तक सुशांत का परिवार यही कह रहा था कि उन्हें सुशांत के डिप्रेशन में होने के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं थी. लेकिन अब कुछ दिन पहले सुशांत की बड़ी बहन नीतू सिंह की अभिनेता की मैनेजर श्रुति मोदी के साथ की कुछ चैट्स सामने आई थीं. जिसमें वो सुशांत के प्रिस्क्रिप्शन और उनकी दवाइयों को लेकर बात कर रही थीं. अब ऐसी ही कुछ चैट्स सुशांत की बहन प्रियंका सिंह के साथ की भी सामने आई हैं.
इन चैट्स में प्रियंका, सुशांत को कुछ दवाइयां लेने का सुझाव दे रही थीं. साथ ही उन्होंने सुशांत को दिल्ली से ही एक डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन भी दिया था. वायरल चैट्स में प्रियंका सुशांत से कहती हैं, ‘पहले एक हफ्ते तक Librium लो फिर नाश्ते के बाद रोजाना एक बार Nexito 10 mg लो. Lonazep साथ में रखो जब भी एंजाइटी अटैक आए ले लेना.’ इसके जवाब में सुशांत कहते हैं, ‘ओके सोनू दी. कोई भी इन दवाइयों को प्रिस्क्रिप्शन के बिना नहीं देगा. इसके जवाब में प्रियंका कहती हैं, ‘मुझे देखने दो अगर मैं मैनेज कर सकूं तो’.
इसके बाद प्रियंका, सुशांत को एक वॉयस कॉल करती हैं जिसका वो जवाब नहीं देते. जिसके बाद प्रियंका कुछ मैसेजेस करती हैं जिसमें वो लिखती हैं, ‘बाबू मुझे फोन करो. मुझे प्रिस्क्रिप्शन भेजनी है. मेरी दोस्त एक जानी मानी डॉक्टर है जो तुम्हें मुंबई के बेस्ट डॉक्टर्स से कनेक्ट कर सकती है. सब कॉन्फिडेंशियल है. इसलिए परेशान मत होन. बस कॉल करो.’ इन मैसेजेस के साथ उन्होंने एक अटेचमेंट भी भेजा. आगे प्रियंका लिखती हैं, ‘बाबू ये प्रिस्क्रिप्शन है. ये दिल्ली से है लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए. अगर कुछ हुआ हो तो इसे ऑनलाइन कंसलटेशन बता सकते हैं.’ इसके जवाब में सुशांत कहते हैं ‘ओके, थैंक्यू सो मच सोना दी’.
सामने आईं इन चैट्स को देखकर तो यही लगता है कि सुशांत की बहनों को उनकी बीमारी के बारे में पता था. हालांकि उनके परिवार की तरफ से इस बारे में अब तक कुछ भी नहीं कहा गया है. बता दें कि रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानेशिंदे ने हाल ही में इन्हीं चैट्स का हवाला दिया है और कहा है कि रिया नहीं चाहती थीं कि सुशांत उनकी बहन की बताई हुई दवाई लें. जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ और सुशांत ने रिया को अपने घर से जाने के लिए कह दिया.

