मुंबई: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स का ऐंगल सामने आने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. इस केस में अभी तक कई लोगों से पूछताछ हो चुकी है और कुछ को हिरासत में भी लिया गया है. रविवार को एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) से लगभग 6 घंटे की पूछताछ की और फिर अगले दिन यानि सोमवार को रिया से 8 घंटे की पूछताछ की. रिया से मंगलवार को फिर एनसीबी की पूछताछ जारी रहेगी.
दूसरी तरफ रिया द्वारा सुशांत की बहन प्रियंका के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. रिया का आरोप है कि प्रियंका सिंह ने डॉक्टर की फर्जी पर्ची बनवाई और अवैध दवा की खरीदारी के लिए पर्ची सुशांत को दी. रिया ने प्रियंका के अलावा डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉ. तरुण कुमार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है. रिया ने आरोप लगाया है कि डॉ. तरुण ने ही सुशांत की दवा की पर्ची बनाई थी.
रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश ने कहा कि रिया ने बांद्रा पुलिस स्टेशन के साथ अपनी शिकायत दर्ज करके आपराधिक कानून को गति में रखा है. अवैध रूप से प्रशासित दवाओं के कारण हो सकता है कि 14 जून, 2020 को सुशांत ने आत्महत्या की हो. उनकी बहनों को जांचकर्ताओं और भगवान के प्रति जवाबदेह होने की आवश्यकता है.
पूछताछ के लिए रिया चक्रवर्ती एनसीबी दफ्तर पहुंच गई हैं.
तीसरे दिन की पूछताछ के लिए रिया चक्रवर्ती घर से निकल गई हैं. आज हिरासत में लिए गए लोगों और रिया को आमने सामने बैठाकर पूछताछ एनसीबी करेगी.
रिया चक्रवर्ती के दावे के बाद मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत की बहनों और अन्य लोगों के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की है. रिया का आरोप है कि बिना सुशांत के मेडिकल चेकअप के उन्हें भारी मात्रा में दवाएं दी गईं.
सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या एनसीबी रिया को गिरफ्तार करेगी, क्योंकि शोविक की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसे कोर्ट ने 9 सितंबर तक की रिमांड पर भेज दिया है. रिया और शोविक का कनेक्शन साबित करने के लिए एनसीबी को दोनों को सामने बैठाकर पूछताछ करनी होगी, तभी केस एनसीबी के तरफ से मजबूत होगा.

