रांची. झारखंड में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन में शाम चार बजे से होगी. इस बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है. निजी कंपनियों में 30 हजार रुपये प्रति माह तक वेतन वाले 75 फीसद पद स्थानीय लोगों के लिए आरक्षित करने से संबंधित प्रस्ताव पर भी इसमें चर्चा हो सकती है. इस लिहाज से नौकरी के लिए लालायित झारखंडी युवाओं के लिए आज अहम दिन है.
राज्य कैबिनेट की बैठक में आज बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय होंगे. कई विभागों के प्रस्ताव पर चर्चा होगी. माना जा रहा है कि आज की बैठक में झारखंड में काम कर रही किसी भी प्राइवेट सेक्टर की कंपनी में 75 फीसद नौकरियों में स्थानीय लोगों को आरक्षण दिए जाने के फैसले पर मुहर लग सकती है. इसके तहत 30 हजार रुपये महीने सैलरी तक के पदों पर सिर्फ झारखंड के युवाओं को नौकरी दिए जाने का प्रावधान राज्य में लागू किया जाएगा.

