पार्टी कार्यकर्त्ता सड़क पर उतर कर करेंगे विरोध प्रदर्शन
रांची:- झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव ने प्रदेश कांग्रेस कमिटी एवं सभी जिला कांग्रेस कमिटी से आहवान् किया है कि केन्द्रीय कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संगठनों द्वारा आगामी 08 दिसम्बर को आहूत भारत बंद के समर्थन में सड़कों में उतर कर पूर्णरूप से भागीदारी सुनिश्चित करना है. डॉ0 उरांव ने सभी पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकत्र्ताओं को निर्देश दिया है कि राज्य मुख्यालय एवं जिला मुख्यालयों में पार्टी झण्डा, बैनर के साथ विरोध प्रदर्शन के द्वारा किसान संगठनों के भारत बन्द कार्यक्रम को पूर्णतः सफल बनाना है.
ज्ञात हो कि सर्दी के इस मौसम में तथा पुलिस क्रुरता पूर्ण कार्रवाई के बावजूद लाखों किसान केन्द्रीय कृषि कानूनों के विरोध में सड़को पर मजबूती के साथ डटे हुए हैं एवं अपनी मांग से एक इंच भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. देश भर के लाखों किसानों की प्रतिबद्धता एवं अडिग प्रतिरोध ने केन्द्र सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष की एक ऐतिहासिक परिस्थिति पैदा कर दी है. कांग्रेस पार्टी भी राहुल गांधी के नेतृत्व में सभी प्रदेश कांग्रेस कमिटियों द्वारा पूरे देश भर में लगातार विरोध प्रदर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत है.
कॉंग्रेस पार्टी भी लगातार यह मांग कर रही है कि केन्द्र सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़ अविलम्ब देशभर के किसानों की मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए केन्द्रीय कृषि कानूनों को वापस लें.

