रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बादल, बन्ना गुप्ता और प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व राज्यपाल सरदार बूटा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव संगठन के वयोवृद्ध नेता बूटा सिंह के निधन पर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि देश के पूर्व रेल, गृह और कृषि मंत्री रहे बूटा सिंह के निधन से अपूरणीय क्षति हुई है, इसकी निकट भविष्य में क्षतिपूर्ति संभव नहीं है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि 8 बार लोकसभा सांसद रहे बूटा सिंह का निधन सिर्फ पार्टी ही नहीं, बल्कि देश की राजनीति के बड़ी क्षति है. भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने भी वयोवृद्ध नेता बूटा सिंह के निधन पर उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की.

