रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव समेत अन्य पार्टी के अन्य नेताओं ने भारतीय संविधान के जनक, भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धांसुमन अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला. पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख और बन्ना गुप्ता समेत अन्य नेताओं ने भी डॉ0 भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू समेत अन्य नेताओं ने राजधानी रांची के डोरंडा स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि भारतीय संविधान के जनक डॉ. आम्बेडकर एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे, जिन्होंने शोषित वर्गों, महिलाओं और श्रमिकों के साथ भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर विधिवेता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे. वे स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री भी बने और आजाद भारत को एक दिशा देने का काम किया.
कृषिमंत्री बादल ने आज हजारीबाग रोड स्थित पुराना बाजार एवं डिस्ट्रिक्ट मोड़ चौक पर बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने लोगों की समस्या सुनी और बाबा साहेब द्वारा संविधान प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी, बल्कि एक समाज सुधारक के रूप में उन्होंने जात-पात और छुआछूट के खिलाफ अभियान चलाकर समाज में हो रहे भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने एक प्रतिभाशाली राजनीतिक विचारक, वकील और अर्थशास्त्री के रूप में अपनी पहचान बनायी और देश को दिशा प्रदान किया.
प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत के संविधान को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
प्रदेश प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि बाबा साहेब एक महान प्रेरक, वक्ता, राजनीतिक विचारक और सामाजिक कार्यकर्ता थे, जिनकी ईमानदारी, समर्पण, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत को पूरी दुनिया आज भी याद करती है.

