रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वित्त तथा खाद्य आपूर्तिमंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की है. पार्टी विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और कृषि मंत्री बादल, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जन्मदिन पर बधाई दी है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष शिबू सोरेन का पूरा जीवन संघर्षपूर्ण रहा और उनके नेतृत्व में ही अलग झारखंड राज्य का गठन हो पाया.
कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि शिबू सोरेन ने महाजनी, सूदखोरी और नशा के खिलाफ अभियान की शुरुआत की थी, उनके दिखाये रास्ते और मार्गदशन में ही राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने ट्वीट कर शिबू सोरेन के जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के गौरवशाली इतिहास के संरक्षक, झारखंडी अस्मिता और हक की लड़ाई लड़ाने वाले राज्यसभा सांसद और हमसभी के अभिभावक दिशोम गुरु को ईश्वर सदा स्वस्थ रखे और उनका आशीवार्द तथा दिशा-निर्देश सभी को मिलता रहे, यही मंगलकामना है.
कृषिमंत्री बादल ने भी शिबू सोरेन को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बाबा बैद्यनाथ और बाबा वासुकिनाथ से उनके दीर्घायु जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं ने भी शिबू सोरेन के जीवन को संघर्ष का प्रतीक बताते हुए उनके मार्ग निर्देशन में झारखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने की अपील की है.

