रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें नमन किया है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने भी नेताजी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया है.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि नेताजी स्वामी विवेकानंद की सार्वभौमिक भाईचारे, समाज सेवा और राष्ट्रवाद पर आधारित शिक्षाओं से बहुत अधिक प्रभावित थे. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से प्रभावित होकर, नेताजी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए और एक जानदार कांग्रेसी थे. उन्होंने दो बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया. वह अपने साथी पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ एक समाजवादी, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष भारत के निर्माता थे.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान नेताजी को कई बार जेल जाना पड़ा लेकिन पूर्ण स्वराज का उनका संकल्प कमजोर नहीं हुआ. उनके प्रसिद्ध शब्द “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा“ ने भारत की आजादी के लिए लड़ने वाले लाखों युवाओं को प्रेरित किया.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि नेताजी ने विचार और कर्म की स्वतंत्रता का अनुकरण किया. वह एक जबरदस्त क्रांतिकारी थे. आज, जब भारत कट्टरतावादी ताकतों के हमले से गुजर रहा है, जिन लोगों का हमारे स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं था, वे नेताजी की विरासत को चुनावी लाभ के लिए अपने अनुकूल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने कहा कि नेताजी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है.

