रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव और प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे आज शाम सेवा विमान से दिल्ली दौरे से वापस रांची लौट आये. चार दिवसीय दिल्ली दौरे के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने व्यक्तिगत कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक मजबूती के साथ ही राज्य के विकास योजनाओं पर चर्चा की.
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डा राजेश गुप्ता छोटू समेत अन्य नेताओं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा रामेश्वर उराँव का एयरपोर्ट पर स्वागत किया.
नई दिल्ली से वापस लौटने पर रांची हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 रामेश्वर उरांव ने कहा कि नये कृषि कानून के खिलाफ देश भर में किसानों के चल रहे आंदोलन के क्रम में अब तक 175 किसानों शहीद हो चुके है, लेकिन इन किसानों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आंखों में आंसू नहीं आये. दूसरी तरफ एक जमाने में जो व्यक्ति कांग्रेस के कद्दावर नेता अहमद पटेल और गुलाम नबी आजाद को देखना नहीं चाहता था, वह व्यक्ति आज एक अच्छे कलाकार की भांति उनके लिए आंसू बहा रहा है, यह एक अच्छे अभिनेता की भूमिका हो सकती है, लेकिन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था इस तरह के ढांग और छल-प्रपंच से नहीं चल सकता.
राज्य के वित्तमंत्री ने बताया कि आगामी दिनों में झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आहूत किया जाना है, 3 मार्च को बजट भी पेश किया जाएगा. पार्टी घोषणा पत्र और चुनावी वायदे के अनुरूप सरकार बजट में भी विभिन्न योजनाओं के लिए आवश्यक राशि का प्रावधान करेगी. इस संबंध में प्रभारी आरपीएन सिंह और अन्य वरिष्ठ अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी सुझाव मिला है,वायदे के अनुरूप गठबंधन सरकार ने पहले वर्ष में कृषि ऋण माफ करने के साथ ही कोरोना संक्रमणकाल में खाद्य आपूर्ति, स्वास्थ्य सुरक्षा, कृषि विकास और ग्रामीण विकास योजनाओं के माध्यम से हर जरूरतमंद परिवार को सहायता उपलब्ध कराने का काम किया है, अब चुनावी वायदे के अनुरूप अगले बजट में अन्य वायदे को भी पूरा करने के लिए कदम उठाया जाएगा.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि नये कृषि कानून के खिलाफ पूरे देश के किसान आंदोलनरत है. नई दिल्ली दौरे के क्रम में पार्टी के आला नेताओं के साथ किसानों के हित में राज्य में चलाये जाने वाले आंदोलन पर भी चर्चा हुई. पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह आगामी 20 फरवरी को हजारीबाग में आयोजित होने वाली किसान रैली में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा गुमला, खूंटी, चाईबासा और पलामू में भी किसान रैली का आयोजन किया जाएगा, इन सारे कार्यक्रमों की तैयारी की जिम्मेवारी कृषिमंत्री बादल पत्रलेख को दी गई है.
20 फरवरी को आयोजित राज्य स्तरीय ट्रेक्टर सह किसान महारैली में भाग लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह जी ने अपनी सहमति दे दी है.

