रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने प्रशासन द्वारा उन्हें होम क्वारंटीन किये जाने को नियम के विरुद्ध बताते हुए कहा कि राज्य सरकार राजनीतिक विद्वेष से कार्य कर रही है. प्रशासनिक अधिकारी भी सरकार के इशारे पर विधि विरुद्ध निर्णय ले रहे हैं जो राज्य केलिये शुभ संकेत नही है.
प्रकाश ने रांची उपायुक्त के नाम पत्र लिखते हुए राज्य के मुख्य सचिव को भी पत्र की प्रति भेजी है. पत्र में प्रकाश ने कहा कि वे राज्य के नव निर्वाचित राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिये सभापति के बुलावे पर नई दिल्ली गए थे. विधायी कार्यों को पूरा कर शपथ ग्रहण के बाद वे रांची लौटे है, जहां उन्हें एयरपोर्ट से ही होम क्वारंटीन का मुहर लगा दिया गया.
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट प्रावधान है कि विधायी, प्रशासनिक जैसे आवश्यक कार्यों के लिये यात्रा करने वालों पर होम क्वारंटीन का नियम लागू नहीं होगा. वावजूद इसके उन्हें होम क्वारंटीन किया गया जो राज्य सरकार की ओछी मानसिकता को प्रदर्शित करता है.
उन्होंने कहा कि भारत सरकार के मंत्री अधिकारी गण मंत्रालय के आवश्यक प्रशासनिक कार्यों के लिये यात्रा कर रहे हैं. आज ही रांची में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आने का कार्यक्रम है. प्रकाश ने प्रशासन को नियम विरुद्ध कार्रवाई से बचने का अनुरोध किया.
